एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर के नोगली से तकलेच वाया दरकाली-काशापाट रूट पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) रामपुर नरेश वर्मा के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान एचआरटीसी प्रबंधन और निजी बस ऑपरेटरों की ओर से अवैध रूप से सवारियां ढोने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शुरू किया गया।
अभियान के दौरान आरटीओ और उनकी टीम ने विभिन्न वाहनों की गहन जांच की। जांच में अवैध रूप से सवारी ढो रहे 25 वाहनों के चालान किए गए। इनमें मुख्य रूप से बोलेरो कैंपर, पिकअप और अन्य निजी वाहन शामिल रहे, जो बिना अनुमति सार्वजनिक परिवहन का कार्य कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान मौके पर कुल ₹35 हजार का जुर्माना वसूला गया, जबकि करीब ₹45 हजार की राशि लंबित बताई गई है। विभाग द्वारा इस राशि की वसूली के लिए नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
आरटीओ ने जांच के दौरान यात्रियों को भी जागरूक करते हुए अपील की कि वे अवैध वाहनों में सफर करने से बचें और केवल अधिकृत एचआरटीसी तथा निजी बस सेवाओं का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि अवैध वाहनों में यात्रा करना सुरक्षा की दृष्टि से जोखिमपूर्ण हो सकता है और इससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
चेकिंग के दौरान सड़क पर चल रही एक एचआरटीसी बस को भी रोका गया। बस चालक और परिचालक ने बताया कि बुधवार को इस रूट पर 26 यात्रियों की टिकटें बनीं, जबकि सामान्य दिनों में केवल 10 से 12 टिकटें ही बनती हैं। इससे साफ है कि अवैध वाहनों के चलते अधिकृत बस सेवाओं को राजस्व का नुकसान हो रहा था।
आरटीओ नरेश वर्मा ने कहा कि अवैध रूप से सवारी ढोने वाले वाहनों के खिलाफ भविष्य में भी लगातार अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
