एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्यूरी में छात्र परिषद के हेड बॉय एवं हेड गर्ल के चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मतदान के माध्यम से अपने प्रतिनिधियों का चयन किया।
चुनाव परिणामों में जमा दो आर्ट्स के छात्र राहुल हेड बॉय चुने गए, जबकि जमा दो की छात्रा नेहा हेड गर्ल निर्वाचित हुईं। इसके अतिरिक्त योग राज नेगी को को-हेड बॉय तथा जेस्मिन नेगी को को-हेड गर्ल चुना गया।
सोमवार को विद्यालय के प्रधानाचार्य पदम बिष्ट ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के चुनाव विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना से परिचित करवाते हैं।
प्रधानाचार्य ने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पारदर्शिता, सहभागिता और आपसी सम्मान की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय के विकास एवं अनुशासन बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
