एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार एसजेवीएन के रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन (एचपीएस) में 16 से 31 मई 2026 तक “स्वच्छता पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को रामपुर एचपीएस द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली में राजकीय माध्यमिक पाठशाला तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला, ब्रो के 110 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों और अधिकारियों ने स्वच्छता संबंधी नारों एवं बैनरों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। ऐसे अभियानों से बच्चों और युवाओं में जागरूकता बढ़ती है, जिसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है।
इसके अलावा स्थानीय लोगों को जागरूक करने के लिए सार्वजनिक स्थलों और परियोजना प्रभावित पंचायतों के गांवों में हेल्प एज इंडिया द्वारा संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वच्छता संबंधी पोस्टर भी लगाए गए। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया गया।
