एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
हिमाचल किसान सभा के राज्य सचिव देवकी नंद, दूध उत्पादक संघ के संयोजक प्रेम चौहान और सह-संयोजक रणजीत ठाकुर ने संयुक्त बयान जारी कर हिमाचल प्रदेश सरकार तथा मिल्क फेडरेशन पर पिछले दो माह से दूध उत्पादकों की भुगतान राशि लंबित रखने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा दूध के खरीद मूल्य में वृद्धि किए जाने से इस व्यवसाय से जुड़े हजारों परिवारों को लाभ अवश्य मिला है, लेकिन समय पर भुगतान न मिलने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि दो माह का समय बीत जाने के बावजूद दूध उत्पादकों को उनकी बकाया राशि नहीं मिली है, जिससे परिवारों का दैनिक खर्च चलाना भी कठिन हो गया है।
किसान नेताओं ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर कई बार सरकार और मिल्क फेडरेशन के अधिकारियों से बातचीत की गई। अधिकारियों द्वारा हर माह नियमित भुगतान सुनिश्चित करने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। परिणामस्वरूप दूध उत्पादकों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लंबित भुगतान जल्द जारी नहीं किया गया तो दूध उत्पादक संघ प्रदेशभर के दूध उत्पादकों को संगठित कर मिल्क फेडरेशन के खिलाफ आंदोलन छेड़ेगा और उसके कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।
दूध उत्पादक संघ ने सरकार से मांग की है कि दूध खरीद का भुगतान निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस व्यवसाय पर निर्भर हजारों परिवारों को आर्थिक संकट से राहत मिल सके।
