रामपुर उपमंडल के प्रसिद्ध जिला स्तरीय देवता श्री लक्ष्मी नारायण नोगली मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने की। इस दौरान मेले के आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय नोगली मेले का शुभारंभ 26 जून को किया जाएगा तथा 28 जून को मेले का विधिवत समापन होगा। मेले के दौरान आने वाले देवी-देवताओं, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के स्वागत, आवास, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा स्वच्छता सहित सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
उपमंडलाधिकारी हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि नोगली मेला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत का प्रतीक है। यह मेला प्रतिवर्ष मानसून के आगमन के उपलक्ष्य में रामपुर के नोगली में आयोजित किया जाता है और क्षेत्र की लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेले के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए सभी विभागों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में मेले के आयोजन के लिए आवश्यक बजट, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों के संचालन, सुरक्षा प्रबंधों तथा आधारभूत सुविधाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मेले से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएंगी ताकि आयोजन सफल, सुरक्षित और यादगार बन सके।
बैठक में सहायक आयुक्त राजस्व एवं तहसीलदार, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गगन शर्मा, एसईबीपीओ रामपुर चमन लाल सहित पुलिस, अग्निशमन, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, हिमाचल पथ परिवहन निगम, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, नगर परिषद तथा मेला समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
