एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
जिला परिषद मंडी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए वीरवार को पीठासीन अधिकारी एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन की देखरेख में चुनावी प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें दोनों पदों पर निर्विरोध चयन हुआ है। वार्ड नंबर 21 (खिलड़ा) से जिला परिषद सदस्य अमरू राम को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। वह गांव पटयोड़ा (डाकघर मलोह) के रहने वाले हैं। वहीं, वार्ड नंबर 09 (थाची) से जिला परिषद सदस्य बोदी देवी को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया है। वह गांव भनवाड़ी (डाकघर थाची) की निवासी हैं। चुनाव के बाद उपायुक्त अपूर्व देवगन ने नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंडी जिला परिषद के इस चुनाव में खास बात यह रही कि दोनों ही शीर्ष पदों के लिए एक-एक नाम ही सामने आए, जिसके बाद इन्हें निर्विरोध चुन लिया गया।
अध्यक्ष बोले – सभी सदस्यों को साथ लेकर समान विकास कराएंगे
इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष अमरू राम ने कहा कि वह सभी सदस्यों को साथ लेकर जिले के संतुलित, समग्र और समान विकास के लिए कार्य करेंगे। जनहित से जुड़े मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और विकास योजनाओं का लाभ जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह में विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा, विनोद कुमार, राकेश जमवाल, इंद्र सिंह, दलीप ठाकुर, पूर्ण चंद ठाकुर और दीपराज के अलावा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह और जिला पंचायत अधिकारी एवं सचिव जिला परिषद अंकित डोगरा भी मौजूद रहे।
