एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, रामपुर के अंग्रेजी विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को प्लास्टिक बैग का प्रयोग न करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया ने अपने संदेश में विद्यार्थियों को प्लास्टिक बैग के बढ़ते उपयोग से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज वैश्विक चिंता का विषय बन चुका है और इसे रोकने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय और नगर परिषद रामपुर के बीच एक एमओयू (समझौता ज्ञापन) हुआ है, जिसके तहत महाविद्यालय परिसर में एकत्र होने वाले प्लास्टिक कचरे का प्रबंधन नगर परिषद रामपुर द्वारा किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और इसके विकल्पों के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश नेगी ने विद्यार्थियों को प्लास्टिक बैग का उपयोग न करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर डॉ. नरेंद्र नेगी, डॉ. रविंद्र नेगी, प्रो. प्रियंका सहित अंग्रेजी विभाग के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
