एआरबी टाइम्स ब्यूरो, सोलन | हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के भटोली में एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां घरेलू विवाद के चलते एक पति ने बेलन से ताबड़तोड़ वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने महिला के शव को सड़क किनारे फेंक दिया। सूचना मिलते ही बरोटीवाला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सुनीता के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम सुरेंद्र बेदिया है। दोनों मूल रूप से झारखंड के रामगढ़ जिले के रहने वाले थे और बद्दी में एक निजी उद्योग (प्राइवेट कंपनी) में काम करते थे। दोनों भटोली क्षेत्र में बिरला कंपनी के पास एक आवासीय कॉलोनी में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि बुधवार देर रात सुरेंद्र और उसकी पत्नी सुनीता के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सुरेंद्र ने रसोई में रखे बेलन से सुनीता के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटें लगने के कारण सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को सड़क किनारे फेंक दिया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलते ही बरोटीवाला पुलिस थाना की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान भी खुद घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण फिंगरप्रिंट्स व अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी (CHC) बद्दी भेज दिया है।
“आरोपी पति सुरेंद्र बेदिया को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटनास्थल से सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर लिए गए हैं। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि विवाद और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”
— विनोद धीमान, पुलिस अधीक्षक (SP), बद्दी
