एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला | हिमाचल प्रदेश में मानसून की लगातार हो रही बारिश और कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर भूस्खलन के बढ़ते खतरे के बीच रेलवे प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे बोर्ड ने 5 अगस्त तक दो प्रमुख टॉय ट्रेनों (अप-डाउन मिलाकर चार फेरे) का संचालन अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा कारणों के अलावा मानसून के दौरान यात्रियों की संख्या में आई कमी भी इस फैसले की एक प्रमुख वजह है।
ये ट्रेनें रहेंगी 5 अगस्त तक रद्द
52451 / 52452 – शिवालिक डीलक्स एक्सप्रेस (कालका-शिमला-कालका)
52459 / 52460 – कालका-शिमला एक्सप्रेस (कालका-शिमला-कालका)
बाकी 4 ट्रेनें चलती रहेंगी नियमित
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भले ही ये दो ट्रेनें 5 अगस्त तक रद्द की गई हैं, लेकिन कालका-शिमला रेलमार्ग पर अन्य चार नियमित ट्रेनों का संचालन पूर्ववत जारी रहेगा। पहाड़ी क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण ट्रैक पर कई संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन का जोखिम बना रहता है। रेलवे विभाग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा या जोखिम का सामना न करना पड़े।
