एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
स्वर्गीय ठाकुर सेन नेगी जी प्रीमियर लीग (TSNPL) का आयोजन इस वर्ष क्रिकेट के रोमांच के साथ युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। टूर्नामेंट में क्रिकेट के अलावा रस्साकशी, शतरंज, कैरम और किन्नौरी संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
24 टीमों के लिए प्रवेश शुरू
TSNPL के लिए टीम एंट्री 22 अगस्त 2026 से शुरू हो गई है। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में अधिकतम 24 टीमों को ही प्रवेश दिया जाएगा। टीम एंट्री फीस ₹25,000 निर्धारित की गई है, जबकि स्लॉट बुक करने के लिए ₹15,000 जमा करना होगा। टीमों का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।
विजेता और उपविजेता को मिलेगा नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता के विजेता को ₹3 लाख और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹1.50 लाख और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
क्रिकेट के साथ कई प्रतियोगिताएं
TSNPL के तहत क्रिकेट प्रतियोगिता के अलावा रस्साकशी, शतरंज और कैरम प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही किन्नौरी संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले विशेष कार्यक्रम, ग्रैंड फिनाले, स्टार नाइट और विशेष समारोह भी आयोजित किए जाएंगे।
27 सितंबर से 11 अक्टूबर तक मुख्य टूर्नामेंट
इस बात की जानकारी देते हुए अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह और सचिव डॉ. देव नेगी ने बताया कि मुख्य क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 27 सितंबर 2026 से 11 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। आयोजकों ने युवाओं और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है।
TSNPL का संदेश है—“चिट्टे को भगाओ, युवाओं को बचाओ।” आयोजकों का उद्देश्य खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और नशामुक्त किन्नौर के संकल्प को मजबूत करना है।
