एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुमारसैन | शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से सोने की बालियां लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जंगल के रास्ते से गुजर रही महिला की आंखों में एक युवक ने मिर्च पाउडर डाल दिया और दोनों कानों से सोने की बालियां निकालकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर को सुबह करीब 11:45 बजे 61 वर्षीय सुनो देवी निवासी लतयाणा, शिलारू से अपने मायके कंडयाली जा रही थीं। कंडयाली के पास वह सड़क से नीचे जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर पहुंचीं। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। महिला के मुताबिक, आंखों में मिर्च पड़ने के बाद वह कुछ समझ पातीं, इससे पहले युवक ने उनके दोनों कानों से सोने की बालियां निकाल लीं और सड़क की ओर भाग गया। आंखों में तेज जलन के बावजूद महिला किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचीं और वहां मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी। आसपास के लोगों ने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से काफी दूर निकल चुका था।
घटना की सूचना मिलने के बाद नारकंडा चौकी पुलिस ने जांच शुरू की। महिला को उपचार के लिए नारकंडा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी जांच की। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। पुलिस को दिए बयान में महिला ने आरोपी की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष बताई है। उसके अनुसार, युवक ने सफेद चेकदार कमीज और काली पैंट पहन रखी थी। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि संदिग्ध युवक वारदात से पहले कुछ समय तक घटनास्थल के आसपास सड़क पर घूम रहा था।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस की ओर से घटना के संबंध में लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।
