लाहौल-स्पीति | मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर सिस्सू के समीप एक कार हादसे का शिकार हो गई। सैल्फी प्वाइंट के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार कार गोंधला की तरफ जा रही थी। सिस्सू सैल्फी प्वाइंट के पास पहुंचने पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क से नीचे जा गिरी। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में सुरेश निवासी बडियाल, मंडी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मंडी निवासी बबलू ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में मोहन सिंह निवासी चुवाड़ी, निखिल निवासी सकरोआ और पवन कुमार निवासी टिक्कर घायल हुए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार किस वजह से अनियंत्रित हुई और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
