एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला शिमला के चौड़ा मैदान में तीन दिनों तक चली एंटी ड्रग्स बैडमिंटन चैंपियनशिप सीजन-3 का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में पुलिस, न्यायिक क्षेत्र सहित विभिन्न विभागों से जुड़े 90 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को मैच से पहले टी-शर्ट भी वितरित की गईं।
पुरुष एकल के फाइनल मुकाबले में शिमला पुलिस विभाग के वीरेंद्र ने एडीए मनोज शर्मा को हराकर खिताब अपने नाम किया। 50 प्लस एकल वर्ग में पुनीत ने राकेश को मात देकर जीत दर्ज की। इसी वर्ग के डबल्स मुकाबले में राकेश और सचिन की जोड़ी ने एडवोकेट पुनीत और नरेश की जोड़ी को हराकर खिताब जीता।
पुरुष डबल्स के फाइनल में अमित और रोहित की जोड़ी ने मंजीत और सभ्य की जोड़ी को हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। महिला एकल वर्ग में लॉ कॉलेज की छात्रा आंचल विजेता रहीं। महिला डबल्स में आंचल और खुशबू की जोड़ी ने खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए वीरेंद्र को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वहीं, सबसे उम्रदराज और अनुभवी खिलाड़ी की ट्रॉफी विनोद को प्रदान की गई।
मुख्यातिथि ने की नशा मुक्ति की मुहिम की सराहना
समापन समारोह में बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य विक्रांत चंदेल मुख्यातिथि रहे। अभियोजन विभाग के पूर्व निदेशक मोहिंदर चौहान और प्रदेश हाईकोर्ट के डिप्टी एडवोकेट जनरल अंकुश ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
मुख्यातिथि विक्रांत चंदेल ने आयोजन के लिए एडीए मनोज शर्मा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को नशे से दूर रहने का संदेश देने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों को एक मंच पर जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने नशे के खिलाफ चल रही ऐसी मुहिम को आगे भी जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
