मंडी | जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह, जिला मंडी में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी-2027) की तैयारियां शुरू हो गई हैं। परीक्षा 28 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके लिए नवोदय विद्यालय समिति ने ऑनलाइन प्रवेश-पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह के प्राचार्य मनोज भटनागर ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने कक्षा छठी में प्रवेश के लिए जेएनवीएसटी-2027 के तहत ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है, वे अपने प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों और संबंधित विद्यालयों के अध्यापकों से आग्रह किया कि वे समय रहते विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उन्हें उपलब्ध करवाएं, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि प्रवेश-पत्र नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/AdminCard/Admit2027Card और https://navodaya.gov.in/ के माध्यम से डाउनलोड किए जा सकते हैं। अभिभावक वेबसाइट पर आवश्यक विवरण भरकर अपने बच्चों का प्रवेश-पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
प्राचार्य ने अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा से पहले प्रवेश-पत्र में दर्ज सभी जानकारियों को ध्यानपूर्वक जांच लें। परीक्षा वाले दिन यानी 28 नवंबर को विद्यार्थियों को अपना प्रवेश-पत्र और आधार कार्ड साथ लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि वे बच्चों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा संबंधी औपचारिकताएं समय पर पूरी हो सकें।
परीक्षा और प्रवेश-पत्र डाउनलोड करने से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए 9805319303, 9816999573, 7500741897 और 01905-282046 दूरभाष नंबर जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर किसी भी कार्यदिवस में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
