एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कोटखाई
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है और वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का रचनात्मक उपयोग कर सकते हैं।
विक्रमादित्य सिंह शनिवार को कोटखाई एनवायरनमेंट, स्पोर्ट्स एंड कल्चरल क्लब की ओर से आयोजित 27वीं चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबॉल, रस्साकशी और हिमाचल के पारंपरिक खेल ठोडो सहित विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए शिक्षा, खेल और युवा शक्ति को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने क्लब की ओर से प्रतिवर्ष खेल प्रतियोगिता आयोजित करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकजुटता भी मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। सड़कों और भवनों के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य निरंतर जारी हैं। उन्होंने स्थानीय विधायक एवं शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में मिली उपलब्धियों और पुरस्कारों के लिए उन्होंने रोहित ठाकुर को बधाई दी।
इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने क्लब को अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने पारंपरिक खेल ठोडो में भी भाग लिया और महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित कीं। इससे पूर्व क्लब अध्यक्ष मोहिंद्र स्तान ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और क्लब की ओर से खेल एवं सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों तथा प्रतियोगिता के आयोजन की विस्तृत जानकारी दी।
समारोह में एसडीएम कोटखाई मनु वर्मा, शिमला ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, महिला मंडलों एवं युवक मंडलों के प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, खिलाड़ी और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
