एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
विशेष न्यायाधीश, किन्नौर स्थित रामपुर की अदालत ने चिट्टा तस्करी के मामले में एक आरोपी को दोषी करार देते हुए चार वर्ष के कठोर कारावास और 40 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। दोषी की पहचान विवेक चौहान पुत्र दुर्गा सिंह निवासी गांव धरंग, डाकघर जडेर, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए जिला उप-न्यायवादी कमल चंदेल ने बताया कि यह मामला वर्ष 2022 का है। 26 सितंबर 2022 को पुलिस थाना भावानगर के अंतर्गत एसआईयू किन्नौर की टीम गश्त और नाकाबंदी पर थी। इस दौरान पुलिस टीम ने एक ऑल्टो कार (HP27A-2081) को जांच के लिए रोका। कार में दो व्यक्ति सवार थे, जो पुलिस को देखकर घबरा गए। उनकी संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस को वाहन में मादक पदार्थ होने का शक हुआ।
इसके बाद मौके पर स्वतंत्र गवाह प्रधान को बुलाया गया और उसकी मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड के अंदर छिपाकर रखा गया एक प्लास्टिक का लिफाफा बरामद हुआ। इसे खोलने पर उसमें से 11.60 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। पुलिस ने इस संबंध में भावानगर थाने में एफआईआर संख्या 83/2022 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया था।
जिला उप-न्यायवादी ने बताया कि मामले की सुनवाई के दौरान अदालत में कुल 26 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और प्रस्तुत साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने 13 नवंबर 2026 को विवेक चौहान को दोषी करार देते हुए चार वर्ष के कठोर कारावास और 40 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। मामले की सुनवाई के दौरान दूसरे आरोपी की मृत्यु हो गई थी।
