एआरबी टाइम्स ब्यूरो, चंबा | हिमाचल प्रदेश के सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों में कार्यरत हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों को जल्द ही बड़ी राहत मिल सकती है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि राज्य सरकार आउटसोर्स कर्मियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए जल्द ही एक व्यावहारिक एवं न्यायसंगत नीति (Policy) लाने जा रही है। रविवार को चंबा के ऐतिहासिक चौगान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही।
वर्ष 2016-17 में हुई थीं सबसे अधिक नियुक्तियां
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में लंबे समय से आउटसोर्स कर्मियों के लिए एक स्पष्ट नीति बनाने की मांग उठ रही है। वर्ष 2016 और 2017 के दौरान प्रदेश में सर्वाधिक नियुक्तियां आउटसोर्स आधार पर की गई थीं। वर्तमान में शिक्षा, जल शक्ति, लोक निर्माण विभाग (PWD), हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड (HPSEBL) और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों में बड़ी संख्या में कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।सरकार अब उनके हितों को ध्यान में रखते हुए एक स्थायी एवं न्यायसंगत व्यवस्था बनाने की दिशा में काम कर रही है।
चंबा को मिली 158 करोड़ के मेडिकल कॉलेज भवन की सौगात
अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं घोषणाएं कीं:
मेडिकल कॉलेज भवन: चंबा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के 158 करोड़ रुपये की लागत से बने 200 बिस्तरों वाले नए भवन का लोकार्पण किया।
सड़क नेटवर्क: शाहपुर-सिहुंता-चंबा सड़क का लोकार्पण किया।
डॉक्टरों के लिए एक्सपोजर विजिट: सरकारी अस्पतालों के चिकित्सकों को नई तकनीक और आधुनिक उपचार पद्धतियां सीखने के लिए विदेश में ‘एक्सपोजर विजिट’ पर भेजने की नीति बनाई जा रही है।
जांच के आदेश: मेडिकल कॉलेज चंबा में इलाज के दौरान एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में सीएम ने त्वरित जांच के आदेश जारी किए।
रावी नदी में मिंजर विसर्जन के साथ मेले का समापन
रविवार को पवित्र रावी नदी में ‘मिंजर विसर्जन’ की पारंपरिक रस्म अदायगी के साथ आठ दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का समापन हो गया। मुख्यमंत्री ने स्वयं नदी में मिंजर प्रवाहित कर यह रस्म निभाई। इससे पूर्व अखंड चंडी पैलेस से ऐतिहासिक चौगान तक एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसकी अगुवाई सीएम सुक्खू ने की। मुख्यमंत्री ने मिंजर मेले की आधिकारिक स्मारिका का विमोचन भी किया।
