शिमला। हिमाचल प्रदेश के मैदानी और निचले इलाकों में घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। सुबह और शाम के समय कोहरे के कारण ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में 30 नवंबर तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुंचने की आशंका है। ऐसे में सुबह और शाम के समय वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
मौसम विभाग के अनुसार मंडी जिले की बल्ह घाटी और सुंदरनगर, हमीरपुर के सुजानपुर-टीहरा तथा बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास घना कोहरा छा सकता है। सुबह के समय इसका प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। कम दृश्यता के कारण सड़कों पर वाहन चलाना जोखिम भरा हो सकता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने, फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और आगे चल रहे वाहनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
11 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे
प्रदेश के कई क्षेत्रों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। राज्य के 11 शहरों का न्यूनतम तापमान पहले ही 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। कोहरे और ठंडी हवाओं के चलते मैदानी इलाकों में सुबह, शाम और रात के समय ठंड बढ़ गई है। आने वाले दिनों में दिन के तापमान में भी हल्की गिरावट आने की संभावना है। हालांकि, दिन में धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
शिमला से ठंडी रहीं सोलन और चंबा की रातें
न्यूनतम तापमान के मामले में प्रदेश के कुछ मैदानी और निचले क्षेत्र शिमला से भी ठंडे रहे। शिमला में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मंडी में पारा 5.2 डिग्री तक पहुंच गया। सोलन में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री और चंबा में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बिलासपुर में 7.5 और ऊना में 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
नवंबर में सामान्य से 80 फीसदी कम बारिश
प्रदेश में बारिश की कमी भी लगातार बढ़ रही है। नवंबर महीने में अब तक सामान्य से करीब 80 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण कई क्षेत्रों में सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिनों तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क बने रहने से किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में नमी की कमी और बागवानी फसलों के लिए जरूरी बारिश नहीं होने से कृषि एवं बागवानी गतिविधियों पर असर पड़ने की आशंका है।
