शिमला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से 29 नवंबर को अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) का आयोजन दो सत्रों में किया जाएगा। परीक्षा के लिए प्रदेशभर में कुल 74 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 9,012 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बोर्ड ने परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं।
शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि सुबह के सत्र में टीजीटी नॉन मेडिकल और स्पेशल एजुकेटर (कक्षा छठी से 12वीं) की परीक्षा आयोजित होगी। टीजीटी नॉन मेडिकल के लिए 45 केंद्रों पर 6,315 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं, स्पेशल एजुकेटर टेट के लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं, जहां 133 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस सत्र में कुल 48 केंद्रों पर 6,448 परीक्षार्थी बैठेंगे।
दूसरे सत्र में 2,564 अभ्यर्थी होंगे शामिल
दूसरे सत्र में टीजीटी संस्कृत और स्पेशल एजुकेटर (प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। टीजीटी संस्कृत के लिए 23 परीक्षा केंद्रों पर 2,066 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जबकि स्पेशल एजुकेटर टेट के लिए तीन केंद्रों पर 498 अभ्यर्थी बैठेंगे। इस सत्र में कुल 26 केंद्रों पर 2,564 अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था की गई है।
आवेदन संख्या और जन्मतिथि से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि अभ्यर्थी शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए आवेदन संख्या और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से पहले अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और उसमें दर्ज परीक्षा केंद्र व अन्य विवरण जांच लें।
