एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर के अध्यक्ष करण शर्मा की अध्यक्षता में उपाध्यक्ष और पार्षदों ने उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शहर के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नगर परिषद प्रतिनिधियों ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था, सड़कों और नालियों में सुधार, पेयजल एवं सीवरेज व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पार्किंग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषय प्रशासन के समक्ष रखे। साथ ही शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर परिषद तथा प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। नगर परिषद अध्यक्ष करण शर्मा ने कहा कि परिषद का उद्देश्य शहर के प्रत्येक नागरिक को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जनहित और विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने नगर परिषद प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और शहर के विकास तथा जनहित से जुड़े कार्यों में प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग एवं समन्वय का आश्वासन दिया।
