एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने रविवार को चमियाणा पंचायत में करोड़ों रुपए से बनने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चमियाणा पंचायत ने अपनी जमीन को अपने हक में रखा है, जो अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि चमियाणा अस्पताल पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की देन है, जिसके कारण क्षेत्र में 2000 करोड़ रुपये तक का निवेश संभावित है। इससे स्थानीय लोगों को बड़े पैमाने पर रोजगार मिल रहा है।
सड़क और अन्य आधारभूत संरचना विकास
उन्होंने कहा कि पंचायत के अंतर्गत आने वाली सड़कों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पक्का किया जाएगा। कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में 230 सड़कें बन रही हैं, जिनमें से 80 को हाल ही में एफआरए की मंजूरी मिली है। लोक निर्माण डिवीजन कसुम्पटी भट्टाकुफर में खोलने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है, जिसके लिए 4.50 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में लगाए गए पांच सब-स्टेशन का भी जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में नए ट्रांसफार्मर लगाने का काम तेजी से चल रहा है।
भट्टाकुफर धंसान मामला
भट्टाकुफर में सड़क धंसान का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि 32 मीटर नीचे टनल निर्माण कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री के संज्ञान में मामला उठाया गया है और इसकी जांच के आदेश दिए गए हैं। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, गड्ढा नहीं भरा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एनएचएआई के कार्यों में हो रही लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नए कानूनगो और पटवार सर्कल की घोषणा
मंत्री ने भट्ठाकुफर में कानूनगो सर्कल स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव अगली कैबिनेट में लाया जाएगा। साथ ही नया पटवार सर्कल भी खोला जाएगा और संजौली पटवार सर्कल का नाम बदलने की प्रक्रिया जारी है।
घोषणाएं
छकड़ायाल में कम्युनिटी सेंटर के लिए 5 लाख रुपये
महिला मंडल मलूठी के लिए 50 हजार रुपये
नया पंचायत घर लोकार्पण
मंत्री ने 1.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो मंजिला नए पंचायत घर चमियाणा का लोकार्पण किया। यह भवन आपदा-रोधी बनाया गया है, जिसका उपयोग आपदा के समय राहत कार्यों में भी किया जाएगा।
अन्य विकास कार्य
1.64 करोड़ रुपये से निर्मित टिपरा से जगरोटी सड़क तक 25.50 मीटर स्पैन पुल का उद्घाटन
चमियाणा उठाऊ जलापूर्ति योजना
पशु चिकित्सा डिस्पेंसरी भवन
किरतपुर से गांव बखोला सड़क
छकड़याल सड़क से गांव रिउंदली सड़क
