एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
जी.बी. पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, रामपुर बुशहर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बी.कॉम. (AEDP) अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (Banking, Financial Services and Insurance – BFSI) प्रारम्भ किया जा रहा है। महाविद्यालय प्रशासन ने इस अभिनव एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। कार्यक्रम में कुल 60 सीटें उपलब्ध हैं। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का 10+2 (कॉमर्स) अथवा 10+2 में गणित या अर्थशास्त्र विषय सहित उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं एवं बीमा क्षेत्र का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा। अप्रेंटिसशिप आधारित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग जगत का वास्तविक अनुभव प्राप्त होगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र में योग्य मानव संसाधन की बढ़ती मांग को देखते हुए यह कोर्स युवाओं के लिए बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराएगा। पाठ्यक्रम के दौरान विद्यार्थी बैंकिंग संचालन, वित्तीय प्रबंधन, बीमा सेवाएं, ग्राहक सेवा, डिजिटल बैंकिंग तथा आधुनिक वित्तीय तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करेंगे।
इच्छुक अभ्यर्थी महाविद्यालय की वेबसाइट gbpmgcrampur.edu.in से प्रवेश आवेदन पत्र डाउनलोड कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है।
महाविद्यालय प्रशासन ने सभी पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन करने का आग्रह किया है।
