एआरबी टाइम्स ब्यूरो, चंड़ीगढ़
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित “मीट द प्रेस” कार्यक्रम में कहा कि इंडी अलायंस बिहार में भी वही झूठी गारंटियों की चाल चल रहा है, जो कांग्रेस ने हिमाचल में अपनाई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में जनता को एक से बढ़कर एक गारंटियों के झांसे में लेकर जनादेश “चोरी” किया था और अब वही स्क्रिप्ट बिहार में दोहराई जा रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के वही नेता जो हिमाचल में आकर बढ़-चढ़कर झूठ बोलते थे, अब बिहार में वही कर रहे हैं। हिमाचल के मुख्यमंत्री ने भी बिहार में जाकर बीजेपी सरकार की योजनाओं को अपनी उपलब्धि बताने की कोशिश की। ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि “कांग्रेस के मुख्यमंत्री अब झूठी गारंटियों के ब्रांड एम्बेसडर बन गए हैं।” उन्होंने कहा कि “जनसेवा और विकास के लिए मंदिरों में कसमें खाने की जरूरत नहीं होती, बल्कि अच्छी नीयत से काम करने की जरूरत होती है।” ठाकुर ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि गृहिणी सुविधा योजना, 125 यूनिट फ्री बिजली, हिम केयर, सहारा योजना, वृद्धा पेंशन और स्वावलंबन योजना जैसी योजनाएं बिना किसी गारंटी के लागू की गई थीं।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार पत्रकारों पर मुकदमे करने में रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। “जंगली मुर्गा” प्रकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों पर नहीं, बल्कि खबर छापने वाले पत्रकारों पर कार्रवाई की गई। धारा 118 में ढील पर उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे “सत्ता संरक्षित माफिया नेटवर्क” सक्रिय है, जो लोगों से उगाही कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन और माफिया तंत्र बढ़ रहा है, जिससे हिमाचल की पारिस्थितिकी और संस्कृति को खतरा है।
नशे के प्रसार पर ठाकुर ने चिंता जताई कि अब चिट्टा (सिंथेटिक ड्रग्स) उन इलाकों तक पहुंच गया है जहां सड़कें भी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के समय इंटर स्टेट कोऑर्डिनेशन से सकारात्मक नतीजे मिले थे और मौजूदा सरकार को भी ऐसा ही करना चाहिए। अंत में जयराम ठाकुर ने चंडीगढ़ प्रेस क्लब को धन्यवाद देते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश और देश की जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
