एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
उच्च शिक्षा निदेशालय, हिमाचल प्रदेश द्वारा वर्ष 2024-25 के राजकीय महाविद्यालयों की आंतरिक रैंकिंग प्रक्रिया के अंतर्गत गठित निरीक्षण समिति ने जीबी पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, रामपुर का ऑन-द-स्पॉट मूल्यांकन एवं भौतिक सत्यापन किया। यह महाविद्यालय टियर-1 श्रेणी के सात उत्कृष्ट राजकीय महाविद्यालयों में शामिल है।
निरीक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने समिति के सदस्यों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की उपलब्धियों, विकास यात्रा तथा गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, आधुनिक पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, आईसीटी सक्षम कक्षाओं, खेल सुविधाओं एवं छात्र सहायता सेवाओं सहित विभिन्न विकासात्मक पहलुओं की जानकारी प्रस्तुत की।
निरीक्षण दल ने स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट (एसएआर), सहायक दस्तावेजों, शैक्षणिक अभिलेखों, आधारभूत संरचना, संस्थागत उपलब्धियों तथा गुणवत्ता आश्वासन उपायों का गहन अध्ययन किया। समिति ने शैक्षणिक प्रदर्शन, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, छात्र सहायता सेवाओं और महाविद्यालय की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों से संबंधित दस्तावेजों का भी सत्यापन किया।
महाविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपलब्धियों, आधारभूत संरचना विकास तथा सामुदायिक सहभागिता से जुड़े प्रमाण एवं अभिलेख प्रस्तुत किए। समिति ने संकाय सदस्यों और प्रशासनिक कर्मचारियों से संवाद कर संस्थान के समग्र कार्य निष्पादन का मूल्यांकन किया।
निरीक्षण समिति में डॉ. प्रदीप कुमार कौंडल, डॉ. दिनेश कुमार शर्मा, डॉ. हरबंस लाल शर्मा, डॉ. राकेश कुमार तथा डॉ. विशाल वालिया शामिल थे। समिति ने शैक्षणिक, प्रशासनिक, आधारभूत एवं छात्र कल्याण संबंधी मानकों पर महाविद्यालय का मूल्यांकन करते हुए गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
