एआरबी टाइम्स ब्यूरो | चंबा
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में बड़ा सड़क हादसा। यहां शनिवार मध्य रात्रि को नकरोड़-हिमगिरि डैम साइड सड़क पर एक ऑल्टो के10 कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए सीधे बैरासियूल नदी में जा समाई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
शादी समारोह से लौट रहे थे सभी मृतक
मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवारों के शव घटनास्थल पर आसपास छिटक गए थे। स्थानीय ग्रामीणों ने हादसे की आवाज सुनते ही तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य में जुट गए। प्रशासन और पुलिस ने दुर्घटना का शिकार हुए चारों मृतकों की पहचान कर सूची जारी कर दी है।
ये सभी चंबा जिले के चुराह तहसील के रहने वाले थे। इनमें चुराह तहसील के करमुंड गांव निवासी शुकरदीन (52), सलमान (25), ताशी उर्फ बिट्टू (41) और संजू (22) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ तीसा की अगुवाई में पुलिस, अग्निशमन दल और स्थानीय ग्रामीणों की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
