एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
हिमाचल प्रदेश में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए एक अनूठी डिजिटल पहल की शुरुआत की गई है। सोमवार को प्रदेश का पहला ब्लड हब कनेक्ट ऑटो पायलट प्रोजेक्ट आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया गया।
आईआईटी मंडी की ओर से विकसित इस अत्याधुनिक एप का शुभारंभ मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन ने किया। इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि क्यूआर कोड स्कैन करते ही संबंधित रक्तदाता की पूरी जानकारी तत्काल मिल जाएगी और उससे संपर्क करने की प्रक्रिया स्वतः शुरू हो जाएगी। इससे आपातकालीन स्थितियों में मरीजों के परिजनों को रक्तदाताओं की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा और कीमती समय की बचत होगी।
अस्पतालों में स्थापित होंगे QR कोड
यह डिजिटल पहल हिम समाज सेवा समिति, नेरचौक के वार्षिक उत्सव के दौरान शुरू की गई। समिति के प्रवक्ता कुलदीप ने बताया कि आईआईटी मंडी ने उनके लिए यह विशेष डिजिटल डेटाबेस ऐप तैयार किया है। इस प्रणाली के तहत रक्तदाताओं का पूरा विवरण एप में सुरक्षित रहेगा। जल्द ही इस क्यूआर कोड आधारित प्रणाली प्रमुख अस्पतालों और श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज, नेरचौक में स्थापित किया जाएगा। तकनीक आधारित इस पहल से रक्तदान सेवा अधिक प्रभावी, पारदर्शी और व्यवस्थित बनेगी।
