एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
नगर परिषद रोहड़ू की पार्षद अम्बिका भ्रांटा के आकस्मिक निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। नगर परिषद के अध्यक्ष अशोक चौहान, उपाध्यक्ष सुजय अग्रवाल एवं समस्त पार्षदों ने गहरे दुःख के साथ यह जानकारी साझा करते हुए इसे नगर के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर-2 की पार्षद अम्बिका भ्रांटा अपने सरल, सौम्य, मिलनसार एवं दृढ़ व्यक्तित्व के लिए जानी जाती थीं। वह हमेशा जनहित के मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाती थीं और समाज के हर वर्ग की आवाज को मजबूती से सामने रखने में अग्रणी रही।
नगर परिषद में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पारदर्शिता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर जन समस्याओं को उठाया और उनके समाधान के लिए प्रयासरत रहीं। सही बात और सत्य के लिए निर्भीक होकर आवाज उठाना उनकी सबसे बड़ी पहचान थी। नगर के विकास, स्वच्छता व जनकल्याण के लिए उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। नगर परिषद रोहड़ू की ओर से सभी पार्षदों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे अम्बिका भ्रांटा की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस दुखद घड़ी को सहने की शक्ति दें।
