एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
बुशहर बी.एड. संस्थान कलना में निरोग्य हेल्थ सर्विस के द्वारा एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डॉ. आंचल शर्मा, फार्मासिस्ट नीरज भारद्वाज तथा टीम के अन्य सदस्यों ने प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ एवं टिप्स प्रदान किए। इस शिविर में लगभग 65 प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं सहित सभी शिक्षकों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, बॉडी मास इंडेक्स (BMI) सहित अन्य बेसिक स्वास्थ्य जांच की गई।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. तिलक राज भारद्वाज ने बताया कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाते हैं और वर्तमान समय के खान-पान एवं जीवनशैली से जुड़े सावधानियों को समझने में मददगार सिद्ध होते हैं। संस्थान के अध्यक्ष पवन आनंद, कोषाध्यक्ष हितेंद्र गुप्ता और सचिव ई. राजीव शर्मा ने सभी शिक्षकों व प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं को उनके स्वास्थ्य प्रति जागरूक होने के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही निरोग्य हेल्थ सर्विस टीम से आग्रह किया कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित करते रहें।
