एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
स्प्रिंगडेल पब्लिक स्कूल खनेरी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद गठन हेतु भव्य इन्वेस्टिचर सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, अनुशासन और गौरवपूर्ण माहौल से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में नवनियुक्त छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष आनंद ने की। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्या आशा सोफ्टा, मीनाक्षी कॉल, मुख्य समन्वयक चिंतामणि देष्टा, स्कूल प्रबंधक संजीव रांझा, मुख्य सलाहकार रोहित चड्ढा, अध्यापकगण तथा कक्षा छठी से बारहवीं तक के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। समारोह के दौरान चयनित छात्र प्रतिनिधियों को स्कूल ध्वज एवं बैज प्रदान किए गए। रुद्र प्रताप सिंह धीमान को हेड बॉय तथा दीक्षा को हेड गर्ल नियुक्त किया गया। वहीं आयुष चौहान को डिप्टी हेड बॉय और शैरीन को डिप्टी हेड गर्ल की जिम्मेदारी सौंपी गई। स्पोर्ट्स कैप्टन के रूप में सूर्या और आरना का चयन किया गया।
विद्यालय के विभिन्न सदनों के लिए भी कैप्टन एवं वाइस कैप्टन नियुक्त किए गए। जस्टिस सदन की कमान इवा और मान्या को, इक्वलिटी सदन का नेतृत्व दुष्यंत एवं मिथिलेश हुडन को सौंपा गया। वहीं लिबर्टी सदन की जिम्मेदारी वंशिका और रीवा को मिली, जबकि फ्रेटरनिटी सदन के कैप्टन हुनीत और वाइस कैप्टन आराध्या बिष्ट नियुक्त किए गए।
प्रधानाचार्य मनीष आनंद ने नवनियुक्त छात्र प्रतिनिधियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई छात्र परिषद विद्यालय की गरिमा और अनुशासन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उप प्रधानाचार्या आशा सोफ्टा ने भी विद्यार्थियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
