एआरबी टाइम्स ब्यूरो | कुल्लू
भारत में फ्रांस के राजदूत Thierry Mathou दो दिवसीय प्रवास पर जिला कुल्लू पहुंचे, जहां उन्होंने ‘हिमाचल प्रदेश आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्यक्रम’ (HPDRRP) की प्रगति की समीक्षा की।
भुंतर हवाई अड्डे पर हिमाचल प्रदेश सरकार के अतिरिक्त सचिव (राजस्व-आपदा प्रबंधन) एवं परियोजना निदेशक (HPDRRP) निशांत ठाकुर ने उनका स्वागत किया। इसके बाद कुल्लू स्थित बहुद्देशीय भवन के बैठक हाल में आयोजित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक में उन्होंने अध्यक्षता की।
बैठक के दौरान HPDRRP के तहत चल रहे कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। यह कार्यक्रम फ्रांसीसी एजेंसी एएफडी (AFD) की वित्तीय एवं तकनीकी सहायता से राज्य सरकार द्वारा संचालित किया जा रहा है। प्रस्तुति में हिमाचल प्रदेश में आपदा जोखिम प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (HPSDMA) की भूमिका, अग्निशमन केंद्रों के विकास, एसडीआरएफ परिसर एवं हेलीपैड निर्माण तथा प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (EWS) की स्थापना पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इन पहलों का मुख्य उद्देश्य राज्य में आपदा तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को और मजबूत बनाना है।
बैठक के बाद फ्रांस के राजदूत ने जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC) का दौरा कर उसकी कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें नए DEOC भवन की प्रस्तावित योजना की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने जिले में आपातकालीन संचार और समन्वय व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अश्विनी कुमार, सहायक आयुक्त जयबंती ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बी.सी. नेगी, जिला राजस्व अधिकारी सुरभि नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
