एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर पुलिस ने तकलेच से बाहली मार्ग के बीच टेलीकॉम कंपनी के 70 लोहे के पोल चोरी होने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। चोरी की यह वारदात 5 और 6 मई की रात को अंजाम दी गई थी।
मामले की शिकायत टेलीकॉम कंपनी से जुड़े बाबू सिंह देशवाल ने पुलिस थाना रामपुर में दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात चोर गैस कटर की मदद से करीब 70 एच-पोल काटकर मौके से ले गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक बोलेरो कैंपर वाहन घटनास्थल के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से वाहन की पहचान की और आरोपियों तक पहुंच बनाई।
इसे भी पड़े: Rampur Theft Case: गैस कटर से काटकर ले गए 70 लोहे के पोल, CCTV में कैद बोलेरो https://arbtimes.in/himachal-pradesh/crime/rampur-theft-case-70-iron-poles-stolen-bolero-seen-in-cctv/
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए 13 मई को विक्की पुत्र कौल राम निवासी गांव जमेडी, डा0 लूहरी, तहसील आनी, जिला कुल्लू, उम्र 30 वर्ष को गिरफ्तार किया और मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी सुरेश कुमार पुत्र रण बहादुर निवासी गांव जोहड़, डा0 व तहसील करसोग, जिला मंडी, उम्र 35 वर्ष को भी पुलिस गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया है।
