एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर के सनशाइन पब्लिक स्कूल,पाटबंग्ला के छात्रों ने नए शैक्षणिक सत्र से एक प्रेरणादायक सामाजिक पहल की शुरुआत की है। स्कूल के विद्यार्थियों ने खनेरी अस्पताल में मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों के लिए चपातियां उपलब्ध करवानी शुरू कर दी हैं। ये चपातियां रक्तदान सेवा परिवार सोसाइटी द्वारा संचालित लंगर सेवा के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंचाई जाएंगी।
सोसाइटी द्वारा रोटी बैंक की शुरुआत पिछले वर्ष नवंबर माह में की गई थी, जबकि अस्पताल में लंगर सेवा 10 अक्टूबर से लगातार जारी है। संस्था के अध्यक्ष नितीश भारती ने बताया कि कुछ दिन पहले स्कूल की प्रधानाचार्य सुषमा मखेक से इस विषय में चर्चा की गई थी, जिसमें उन्होंने नए सत्र से सहयोग देने की सहमति जताई। वीरवार से इस पहल की औपचारिक शुरुआत भी हो गई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में शहर में चार स्थानों पर रोटी बैंक के माध्यम से चपातियां एकत्रित की जा रही हैं। स्कूल के सहयोग से अब लंगर सेवा को और मजबूती मिलेगी।
स्कूल की प्रधानाचार्य ने बताया कि अस्पताल में मरीजों के तीमारदारों की सेवा करना एक सौभाग्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी छात्र पर चपाती देने का कोई दबाव नहीं है—जो भी छात्र स्वेच्छा से योगदान देना चाहता है, वह इसमें भाग ले सकता है। इस पहल को लेकर बच्चों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
