एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला |
Himachal High Court Transfer : हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए जिला जज और अतिरिक्त जिला जज स्तर के 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की हैं। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल की ओर से 11 सितंबर 2026 को जारी अधिसूचना में अधिकारियों को अलग-अलग न्यायिक पदों पर तैनाती दी गई है। अधिसूचना के अनुसार अजय मेहता को सिरमौर का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह शिमला में जिला एवं सत्र न्यायाधीश (फॉरेस्ट) के पद पर कार्यरत थे। उनकी जगह राजेश चौहान को शिमला का जिला एवं सत्र न्यायाधीश (फॉरेस्ट) बनाया गया है।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
मदन कुमार को मंडी फैमिली कोर्ट का प्रिंसिपल जज नियुक्त किया गया है, जबकि अमन सूद को धर्मशाला में जिला एवं सत्र न्यायाधीश की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह नरेश कुमार को कुल्लू और प्रकाश चंद राणा को ऊना का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। डॉ. अबीरा बसु को रामपुर बुशहर में किन्नौर का जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। वहीं गौरव महाजन का तबादला सिरमौर से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश-I, शिमला के पद पर किया गया है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं। कांता वर्मा को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश-I, कुल्लू, अरविंद कुमार को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश-II, सोलन और परवीन गर्ग को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सरकाघाट नियुक्त किया गया है। इसके अलावा यजुवेंद्र सिंह को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश-I, मंडी, विवेक खनाल को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सिरमौर तथा अमित मंडयाल को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश-II, कुल्लू की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांगड़ा स्थित लेबर कोर्ट-कम-इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल की पीठासीन अधिकारी पार्वीन चौहान को वापस शिमला बुलाया गया है। उन्हें हिमाचल प्रदेश सरकार के विधि विभाग में प्रधान सचिव (कानून) के अधीन विशेष सचिव के पद पर तैनाती दी गई है।
हाईकोर्ट ने तबादले से प्रभावित सभी न्यायिक अधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किया है। कोई भी अधिकारी 12 सितंबर 2026 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का निर्धारित कार्य पूरा किए बिना अपने वर्तमान पद का कार्यभार नहीं छोड़ेगा। इसके बाद ही संबंधित अधिकारी नई नियुक्ति वाले स्थान पर कार्यभार संभालेंगे।
ठियोग में हर महीने लगेगा सर्किट कोर्ट
अधिसूचना में शिमला के जिला एवं सत्र न्यायाधीश (फॉरेस्ट) के लिए अतिरिक्त व्यवस्था भी तय की गई है। उन्हें प्रत्येक महीने के तीसरे सप्ताह में एक सप्ताह के लिए ठियोग में सर्किट कोर्ट आयोजित करना होगा। इससे ठियोग और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े मामलों की सुनवाई स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी।
