एआरबी टाइम्स् ब्यूरो, रामपुर बुशहर
गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर के भूगोल विभाग में बुधवार को जियोग्राफिकल सोसायटी (Geographical Society) का गठन किया गया। इस अवसर पर विभाग के प्राध्यापकों, स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक का उद्देश्य विभाग की नई कार्यकारिणी का गठन करने के साथ विद्यार्थियों को शैक्षणिक, रचनात्मक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से जोड़ना रहा।
बैठक में डॉ. अनुराधा नेगी कनैन को जियोग्राफिकल सोसायटी की अध्यक्ष तथा प्रो. थूकतान फुंचोक को मुख्य सलाहकार नियुक्त किया गया। सोसायटी की नई कार्यकारिणी में कुल 30 विद्यार्थियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की विभागीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
नई कार्यकारिणी में शुभांगी राणा और योगेश को उपाध्यक्ष तथा आयशा और गुरप्रीत को मुख्य सचिव चुना गया। इसके अलावा अन्य विद्यार्थियों को भी विभिन्न दायित्व सौंपे गए। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों को उत्साहपूर्वक स्वीकार करते हुए भूगोल विभाग की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई।
विभागाध्यक्ष एवं सोसायटी की अध्यक्ष डॉ. अनुराधा नेगी कनैन के निर्देशन में गठित नई कार्यकारिणी का उद्देश्य विभाग में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना, विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना तथा विभिन्न गतिविधियों का व्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन करना है।
सोसायटी के गठन से भूगोल विभाग में विद्यार्थियों के बीच नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में विभागीय गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी और विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच एवं अवसर प्राप्त होंगे।
