एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
HPU BA Final Year Result 2026: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) ने बीए तृतीय वर्ष (नियमित) परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। अप्रैल-मई 2026 में आयोजित इस परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 95.59 फीसदी दर्ज किया गया है। परीक्षा में शामिल हुए 13,712 विद्यार्थियों में से 11,817 को सफल घोषित किया गया है। सभी विद्यार्थी अपनी व्यक्तिगत लॉगिन आईडी के माध्यम से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परीक्षा परिणाम देख सकते हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी आधिकारिक मेरिट सूची के अनुसार, जीबी पंत मेमोरियल राजकीय डिग्री कॉलेज रामपुर बुशहर की छात्रा नमिता ने 9.33 सीजीपीए (CGPA) हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, सिद्धार्थ राजकीय डिग्री कॉलेज नादौन के लेख राज ने 9.01 सीजीपीए के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। स्वामी विवेकानंद राजकीय डिग्री कॉलेज घुमारवीं की रीतिका ने 8.99 सीजीपीए प्राप्त कर तीसरा स्थान अपने नाम किया। इसके अलाावा, राजकीय डिग्री कॉलेज ढलियारा (कांगड़ा) के शिवनंद ने 8.98 CGPA के साथ चौथा, संजौली कॉलेज की तमन्ना ने 8.95 CGPA के साथ पांचवां, नाहन के सत्यम ने 8.88 CGPA के साथ छठा, बैजनाथ कॉलेज की प्रियंका ने 8.86 CGPA के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया है। HPU की ओर से जारी इस परिणाम ने हजारों विद्यार्थियों के इंतजार को खत्म कर दिया है। अब सफल विद्यार्थी आगे की पढ़ाई और करियर की नई दिशा में कदम बढ़ा सकेंगे।
