एआरबी टाइम्स ब्यूरो | किन्नौर
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज एकीकृत जनजातीय विकास प्राधिकरण (आईटीडीपी) के सम्मेलन कक्ष, रिकांग पिओ में आयोजित जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान मंत्री ने जल शक्ति, विद्युत, लोक निर्माण एवं वन विभाग के अधिकारियों से जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की तथा परियोजनाओं को निर्धारित चरणों में समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में पंचायत जनप्रतिनिधियों एवं गैर-सरकारी सदस्यों ने चांगो नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के रिक्त पद भरने, रुपी वैली में लो वोल्टेज की समस्या दूर करने, हिमाचल पथ परिवहन निगम की नियमित बस सेवा बहाल करने, निचार उपमंडल में विद्युत ट्रांसफार्मरों के उन्नयन, संपर्क सड़कों के निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूरा करने, आयुष विभाग के औषधालयों में रिक्त पद भरने, मूरंग गांव की पेयजल व्यवस्था सुधारने, सापनी क्षेत्र में पार्किंग सुविधा सुनिश्चित करने तथा तंगलिंग गांव की पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। मंत्री ने सभी मामलों पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर जगत सिंह नेगी ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि सरकारी धन का दुरुपयोग न हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के समग्र विकास और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। व्यवस्था परिवर्तन के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। आईटीडीपी परियोजना अधिकारी घनश्याम दास शर्मा ने बैठक का संचालन करते हुए विभिन्न विकास परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थायीक, शिमला-किन्नौर उपज मंडी समिति के निदेशक उमेश नेगी एवं प्रेम नेगी, अखिल भारतीय मजदूर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मान चंद नेगी, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरोज नेगी, शूदारंग पंचायत के प्रधान कुलवंत सिंह नेगी सहित गैर-सरकारी सदस्य एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
