एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार जनता से पूरी तरह कट चुकी है। सरकार न तो जनता की समस्याएं सुन रही है और न ही उनके समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अपने ही शुरू किए कार्यक्रमों को भूल चुके हैं। जनता आज भी भाजपा सरकार के लोकप्रिय जनमंच कार्यक्रम को याद कर रही है, जिसमें लोगों को खुलकर अपनी समस्याएं बताने का अवसर मिलता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जनता से सीधे संवाद करने से बच रही है। मुख्यमंत्री जब चाहें अपने मित्रों के साथ पिकनिक मनाने निकल जाते हैं, लेकिन जनता की परेशानियों की उन्हें कोई परवाह नहीं है। अधिकारी भी अपने दफ्तरों से बाहर नहीं निकलते, जिससे आम लोग भटकते फिर रहे हैं। सरकार गांव के द्वार जैसे कार्यक्रम सिर्फ दिखावा बनकर रह गए हैं क्योंकि मुख्यमंत्री जनता का सामना करने से डर रहे हैं।
बोले – अधिकारियों को भाजपा क्षेत्रों में काम न करने के निर्देश
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आपदा के चार महीने बाद भी सरकार केवल बयानबाजी में व्यस्त है। झूठे वायदों और कोरी घोषणाओं से जनता अब तंग आ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायकों के क्षेत्रों में खुला भेदभाव किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे भाजपा क्षेत्रों में विकास कार्य न करें। वहीं, मुख्यमंत्री के चहेते ठेकेदारों को ही भुगतान हो रहा है, जबकि बाकी ठेकेदार महीनों से भुगतान के इंतजार में हैं। यह स्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। सराज दौरे के दौरान जयराम ठाकुर ने ग्राम पंचायत देवधार के थाची गांव में शहीद वीर जवान ढमेश्वर दत्त के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की और गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि शहीद के बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
