ADVERTISE WITH US
📢 ARB Times के साथ अपने व्यापार को नई पहचान दें | विज्ञापन के लिए संपर्क करें: 9418210413 | ✉ editor@arbtimes.in | arbtimeshp@gmail.com | 🌐 www.arbtimes.in

Kullu : लारजी प्रोजेक्ट दो साल बाद फिर से शुरू, बिजली उत्पादन भी चालू

November 23, 2025 12:08 PM
---Advertisement---

एआरबी टाइम्स ब्यूरो 

शिमला। कुल्लू जिले की 126 मेगावाट क्षमता वाली लारजी जल विद्युत परियोजना को पुनः बहाल कर पूर्ण रूप से कार्यशील किया गया है। यह परियोजना 9-10 जुलाई 2023 को ब्यास नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों और कड़ी मेहनत के चलते यह बहाली कार्य दो वर्ष से भी कम समय में पूरा हुआ। इस पुनर्निर्माण से बड़े आर्थिक नुकसान से बचाव संभव हो सका। सरकार की ओर से बताया गया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में परियोजना के पुनः संचालन के लिए पहले 25, फिर 35 और उसके बाद 185.87 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि मंजूर की गई। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के इंजीनियरों एवं कर्मचारियों ने समर्पण और मेहनत से लारजी परियोजना को फिर से चालू किया। अब परियोजना के तीनों टरबाइन पूरी तरह से सक्रिय हैं और विद्युत उत्पादन शुरू हो चुका है।

बाढ़ के दौरान टरबाइन इकाइयों में भारी मलबा जमा हो गया था, जिसे तकनीकी कारणों से मशीन द्वारा हटाना संभव नहीं था, इसलिए मैनुअल कार्यबल द्वारा साफ किया गया। भविष्य में इस प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा के लिए कई निवारक उपाय किए गए हैं। परियोजना के आसपास के ढलानों पर केबल जाल और रॉक-फॉल बैरियर लगाए गए हैं। सर्ज शाफ्ट गेट और पॉवर हाउस के प्रवेश द्वार पर भूस्खलन को रोकने के लिए कार्य चल रहा है। प्रवेश सुरंग पर बाढ़ के दौरान पानी के प्रवेश को रोकने के लिए मजबूत गेट लगाई गई है, वहीं आपातकालीन निकास सुरंग में भी जलरोधी और सुरक्षित प्रणाली के निर्माण कार्य जारी हैं। राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से यह जल विद्युत परियोजना पुनः स्थापित होकर क्षेत्र में बिजली उत्पादन की निरंतरता सुनिश्चित की गई है।

 

Join WhatsApp

Join Now