उपमंडल रामपुर के राजकीय महाविद्यालय ननखड़ी को बंद करने के प्रदेश सरकार के निर्णय के विरोध में भारतीय जनता पार्टी मंडल ननखड़ी ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कौल सिंह नेगी और जिला परिषद सदस्य रानू खूंद ने की। प्रदर्शन में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर सरकार के फैसले के खिलाफ आवाज बुलंद की।
भाजपा मंडल अध्यक्ष जिया लाल लंबरदार ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय ननखड़ी क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज को बंद करने का निर्णय छात्रों और अभिभावकों के हितों के विपरीत है। उनका कहना था कि इस फैसले के लागू होने से दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व प्रत्याशी कौल सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा विद्यार्थियों के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने प्रदेश सरकार से महाविद्यालय को बंद करने के निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिक्षा संस्थानों को बंद करने के बजाय उन्हें मजबूत किया जाना चाहिए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। भाजपा ने स्पष्ट किया कि वह क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और सरकार पर निर्णय वापस लेने के लिए दबाव बनाए रखेगी।
