एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
उपमंडल स्तरीय स्कूल मॉनिटेरिंग कमेटी रामपुर के अध्यक्ष हर्ष अमरेंद्र सिंह के निर्देशानुसार रामपुर क्षेत्र में स्कूली छात्रों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कमेटी सचिव जसपाल सिंह तथा क्षेत्रीय प्रबंधक उमेश ठाकुर के नेतृत्व में स्कूल बसों का औचक एवं सघन निरीक्षण किया। इस दौरान बसों की तकनीकी स्थिति, सुरक्षा उपकरणों और वैधानिक दस्तावेजों की गंभीरता से जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान बसों में सीटिंग व्यवस्था, आपातकालीन निकास द्वार, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस सिस्टम, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट एवं अग्निशमन यंत्रों की बारीकी से पड़ताल की गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश स्कूल बसें निर्धारित सुरक्षा मानकों पर सही पाई गईं और कोई बड़ी खामी सामने नहीं आई।
हालांकि, डीएवी दत्तनगर स्कूल की बस के चालक का ड्राइविंग लाइसेंस एक्सपायरी पाया गया, जिसे प्रशासन ने गंभीर लापरवाही माना है। संबंधित चालक को तत्काल लाइसेंस नवीनीकरण के निर्देश जारी किए गए तथा भविष्य में इस प्रकार की गलती दोहराने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पर्यवेक्षक आरटीओ ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को भी निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से बसों की जांच कराएं और सभी दस्तावेज पूर्ण रूप से अद्यतन रखें।
प्रशासन द्वारा आगामी दिनों में भी अन्य क्षेत्रों में कड़ा निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। इसी कड़ी में 11 और 12 दिसंबर को सराहन तथा 15 दिसंबर को ननखड़ी क्षेत्र में स्कूल बसों की जांच की जाएगी।