एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर | शहरवासियों को पानी के बिल जमा करने के लिए दूर स्थित जलशक्ति विभाग के कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए नगर परिषद रामपुर ने नई पहल की है। अब उपभोक्ता 2 और 3 सितंबर को नगर परिषद कार्यालय में ही पानी के बिल जमा करवा सकेंगे।
नगर परिषद के आग्रह पर जलशक्ति विभाग ने दो दिनों के लिए अपने कर्मचारियों की तैनाती नगर परिषद कार्यालय में करने का निर्णय लिया है। इस दौरान सुबह 10:00 से शाम 4:00 बजे तक उपभोक्ताओं के पानी के बिल जमा किए जाएंगे। नगर परिषद के अनुसार, वार्ड नंबर पांच लहासा खोपड़ी समेत नप क्षेत्र के वे सभी उपभोक्ता, जिनके पानी के बिल जनरेट हो चुके हैं, इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। विशेष रूप से जिन उपभोक्ताओं के बिल जमा करने की अंतिम तिथि 2 या 3 सितंबर है, वे निर्धारित समय के दौरान नगर परिषद कार्यालय में बिल जमा करवा सकेंगे। नगर परिषद ने कहा है कि शहरवासियों को मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से इधर-उधर न जाना पड़े, इसलिए यह व्यवस्था की है। पानी के बिल जमा करने के लिए जलशक्ति विभाग से नगर परिषद कार्यालय में व्यवस्था करने का आग्रह किया गया था। विभाग ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए दो दिन तय किए हैं।
