एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर में आयोजित होने वाला जिला स्तरीय फाग मेला इस वर्ष 5 से 8 मार्च तक मनाया जाएगा। वीरवार को उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष स्थानीय देवी-देवताओं की नजराना राशि में 5 प्रतिशत तथा दूर-दराज से आने वाले देवी-देवताओं की नजराना राशि में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। मेले का आयोजन पूर्व वर्षों की भांति ऐतिहासिक राज दरबार परिसर एवं राष्ट्रीय राजमार्ग पर किया जाएगा। मेले का शुभारंभ 5 मार्च को प्रातः 11 बजे देवी-देवताओं के आगमन के साथ होगा तथा समापन 8 मार्च को सायं 3 बजे देवी-देवताओं की विदाई के साथ किया जाएगा।
इस वर्ष शिमला एवं कुल्लू जिलों के लगभग 20 देवी-देवताओं को आमंत्रित किया जाएगा। आमंत्रित देवी-देवताओं की सूची तैयार कर परंपरा अनुसार उनके ठहराव स्थलों का चयन किया जाएगा। वहीं इस वर्ष मेले में लगने वाली दुकानों की बाेली राशि में भी दस फीसद की बढोतरी करने का निर्णय लिया गया।
उपमंडलाधिकारी ने बताया कि फाग मेला रामपुर क्षेत्र की समृद्ध लोक परंपरा, देव संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐतिहासिक राज दरबार परिसर में आयोजित इस मेले में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ देवी-देवताओं का स्वागत किया जाता है। मेले के दौरान ‘नाटी’ लोक नृत्य, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियां और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। 7 मार्च को महिला मंडलों की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेंगी और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता का संदेश देंगी। बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चरल एवं पर्यावरण क्लब रामपुर के सौजन्य से रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
मेले के खर्च की पूर्ति नगर परिषद द्वारा स्टॉल आवंटन से प्राप्त राजस्व और भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग से मिलने वाले अनुदान से की जाएगी। मेले में स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।बैठक में यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था तथा देवी-देवताओं के साथ आने वाले देवलुओं के ठहराव की व्यवस्थाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी राजेंद्र नेगी, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी बाबू राम नेगी, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गगन शर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी शशि ठाकुर, क्लब अध्यक्ष राहुल सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
