एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। विद्युत मंत्रालय और निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार, रामपुर जलविद्युत परियोजना (रामपुर एचपीएस) द्वारा 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक “स्वच्छता ही सेवा” पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है।
इस अभियान की शुरुआत बुधवार को परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह द्वारा की गई। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया। इस दौरान उन्होंने यह भी प्रण लिया कि हर व्यक्ति साल में कम से कम 100 घंटे स्वच्छता के लिए समर्पित करेगा।
परियोजना प्रमुख ने कहा, “स्वच्छता केवल शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य का प्रतीक है। हमें न केवल अपने घरों, बल्कि कार्यस्थलों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई का भी ध्यान रखना चाहिए।”
इस अवसर पर, ग्रामीण जागरूकता अभियान के तहत ‘हेल्प एज इंडिया’ द्वारा चलाई जा रही मोबाइल मेडिकल यूनिट की सहायता से परियोजना प्रभावित पंचायतों में स्वच्छता पोस्टर लगाए गए। ग्रामीणों को भी शपथ दिलाई गई कि वे अपने गांव और गली को स्वच्छ बनाए रखेंगे। स्वच्छता को व्यवहार में लाने हेतु परियोजना कार्यस्थल पर सेल्फी प्वाइंट और सैंडी भी लगाए गए, ताकि अधिकारी और कर्मचारी स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साझा कर सकें।
