एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर | शिमला जिले के नारकंडा में पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस समर्थित नवीन पाल अध्यक्ष और भाजपा समर्थित पिंकी ठाकुर को उपाध्यक्ष चुना गया। एसडीएम कुमारसैन मुकेश शर्मा की देखरेख में वीरवार को संवैधानिक प्रावधानों के तहत पूरी चुनाव प्रक्रिया पूरी करवाई गई। अध्यक्ष पद पर 15 सदस्यों में से कांग्रेस समर्थित नवीन पॉल को 7 मत मिले जबकि उपाध्यक्ष पद पर मुकाबला काफी दिलचस्प रहा और दोनों प्रत्याशियों के बीच वोट बराबर (टाई) हो गए। इसके बाद नियमानुसार पर्ची (लॉटरी) निकाली गई, जिसमें भाजपा समर्थित पिंकी ठाकुर के नाम की पर्ची निकली और उन्हें उपाध्यक्ष चुना गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष नवीन पॉल ने कहा कि विकासखंड नारकंडा की सभी पंचायतों को साथ लेकर बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस मौके पर विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत समिति विकास का मुख्य मंच है। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी भी प्रकार का राजनीतिक भेदभाव नहीं होना चाहिए और पूरे नारकंडा ब्लॉक का संतुलित विकास सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य उज्ज्वल मेहता, जोनल अध्यक्ष कृष्ण शर्मा, शीतल भैक, रूपेश कंवल सहित कई गणमान्य व्यक्ति और समर्थक मौजूद रहे। चुनाव नतीजे आने के बाद समर्थकों ने नए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।
