रामपुर बुशहर। हिमाचल में मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। अटल टनल रोहतांग में करीब एक फीट बर्फ गिरने से वाहनों की आवाजाही फिर से थम गई। केलांग में भी करी आधा फुट बर्फ गिरी है। उधर, शिमला जिले के नारकंडा में भी बर्फबारी हुई है। यहां पर 3 से चार इंच बर्फ गिरी है। दूसरी ओर, राजधानी शिमला, सोलन, रामपुर समेत अन्य क्षेत्रों में बारिश हुई। शिमला के खड़ापत्थर और कुफरी में भी हल्की बर्फबारी हुई है।
![]() |
अटल टनल रोहतांग में गिरी बर्फ। |
हालांकि, बर्फबारी और बारिश से किसान-बागवानों को राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन मौसम साफ रहेगा और 8 से फिर बर्फबारी-बारिश के आसार हैं। उधर, जलोड़ी जोत में भी पांच से छह इंच बर्फ गिरी है, इसके चलते सुबह सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
सड़कों पर बढ़ी फिसलन से हादसे का खतरा
बर्फबारी के बाद सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है। ऐसे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतना जरूरी है, ताकि हादसे से बचा जा सके। प्रशासन की ओर से खासकर सैलानियों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरी ओर प्रशासन ने पुलिस को भी मदद के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।