एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। राजकीय महाविद्यालय रामपुर के नशा निवारण प्रकोष्ठ द्वारा एक जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बुशैहर सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल के मालिक डॉ. प्रेम नेगी तथा थाना प्रभारी आशीष कौशल उपस्थित रहे।
डॉ. प्रेम नेगी ने “पदार्थ उपयोग विकार: निदान, उपचार और प्रबंधन” विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने विस्तारपूर्वक बताया कि Substance Use Disorder (SUD) का प्रभावी ढंग से कैसे निदान किया जा सकता है, इसके उपचार के विभिन्न चिकित्सा और परामर्श विकल्प क्या हैं, तथा कैसे सतत प्रबंधन से रोगी को सामान्य जीवन की ओर लौटाया जा सकता है।
वहीं, आशीष कौशल ने “नशीले पदार्थों की लत से मुक्ति: कानून प्रवर्तन हेतु सहयोगात्मक दृष्टिकोण” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां, शिक्षण संस्थान और समाज मिलकर यदि समन्वित प्रयास करें तो इस गंभीर समस्या से निपटा जा सकता है।
इस अवसर पर नशा निवारण प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. विद्या बन्धु नेगी ने सभी वक्ताओं, कमेटी सदस्यों और छात्रों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों से बचाया जा सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा नशा निवारण समिति के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।
