एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान-2026 आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में 28 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर बायो-डायवर्सिटी पार्क, बाजीर बावड़ी में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में रामपुर एचपीएस के कर्मचारियों के साथ-साथ आवेरी महिला मंडल की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बायो-डायवर्सिटी पार्क परिसर और आसपास के क्षेत्रों की गहन सफाई की गई। पार्क में एकत्रित कचरे और प्लास्टिक अपशिष्ट को हटाकर निर्धारित स्थल तक पहुंचाया गया।
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाए रखने के साथ-साथ प्राकृतिक एवं जैव-विविधता वाले क्षेत्रों के संरक्षण तथा स्थानीय समुदाय और पर्यटकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। आवेरी महिला मंडल की महिलाओं ने अभियान में सहयोग करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अभियान के बाद प्लास्टिक एवं एकल-उपयोग प्लास्टिक (SUP) के इस्तेमाल को हतोत्साहित करने तथा पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आवेरी महिला मंडल की महिलाओं को जूट के थैले वितरित किए गए। इसके माध्यम से दैनिक जीवन में प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर पुनः उपयोग योग्य और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि पर्यटन स्थलों की स्वच्छता और प्राकृतिक सौंदर्य का संरक्षण स्थानीय समुदाय, पर्यटकों और संस्थानों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाने, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम कर पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर पर्यटन स्थल क्षेत्र की प्राकृतिक और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्यटन को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
