Weather update : हिमाचल में हिमस्खलन और भारी बारिश की चेतावनी, सतर्क रहें

एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश में सोमवार से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में भारी वर्षा और उच्च पर्वतीय इलाकों में हिमपात की संभावना है। रविवार को मौसम खुलने के बाद युद्धस्तर पर बंद सड़कों को बहाल करने का काम किया गया, लेकिन अब भी प्रदेश में करीब 250 सड़कें और 300 से अधिक बिजली के ट्रांसफॉर्मर प्रभावित हैं। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार, केलांग में न्यूनतम तापमान -6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान देहरागोपीपुर में 22 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को सुंदनगर में घना कोहरा छाया रहा, वहीं मंडी में हल्का कोहरा देखने को मिला। ताबो, बिलासपुर और बरठीं में तेज हवाएं चलीं। ऊना, मंडी, चंबा और कल्पा में अत्यधिक शीत दिवस दर्ज किया गया।

उधर, मौसम खुलने के बाद लाहौल में हिमखंड गिरने की घटनाएं शुरू हो गई हैं। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल के समीप यदलिंग नाले में हिमस्खलन हुआ और दो फूड वैन और एक ढाबा चपेट में आ गए। वहीं, मूलिंग के पास भी एक हिमखंड गिरा है, इससे चलते चंद्रा नदी का बहाव रुक गया है। जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 24 घंटों में ऊपरी इलाकों समेत कुल्लू, कांगड़ा और मंडी में भारी बारिश दर्ज की गई। 2 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम बदलेगा। 5 मार्च से प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *