
एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर वन मंडल द्वारा जैव विविधता पार्क तलाई में 76वां वन महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष और स्थानीय विधायक नन्द लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान राजीव गांधी वन संवर्धन योजना का शुभारंभ भी किया गया। इस योजना का उद्देश्य स्थानीय समुदाय को पौधारोपण और देखभाल के कार्यों में शामिल कर उनके आर्थिक विकास और ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस अवसर पर वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनता को संबोधित किया और योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि नन्द लाल ने उपस्थित लोगों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं, उनकी देखभाल करें और पर्यावरण को संरक्षित करने में योगदान दें।
इस कार्यक्रम में सीएफ रामपुर चंदू लाल, डीसीएफ रामपुर गुरहर्ष सिंह, महिला मंडल नेरी, महिला मंडल नानन, महिला मंडल देउ कुर्गू, महिला मंडल सुरड़, स्वयं सहायता समूह ब्राण्टाकाली नवाड़ू, तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
