दिल्ली में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित होंगे बलदेव कुमार

 एआरबी टाइम्स ब्यूरो

रामपुर। गणतंत्र दिवस अवसर पर, केंद्रीय अन्वेषणब्यूरो (सीबीआई) में पुलिस निरीक्षक के पद पर कार्यरत बलदेव कुमार को सराहनीय सेवा के लिए भारत के राष्ट्रपति द्वारा पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। 

बलदेव कुमार पुत्र कायत राम कपूर और माता दिलावरी कपूर, गांव सुधा, ग्राम पंचायत सरपारा, तहसील रामपुर, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्होंने 2002 में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में कांस्टेबल के रूप में सेवा की शुरुआत की। 2007 में, वह प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से सब-इंस्पेक्टर के पद पर चयनित हुए, और 2010 में उन्हें इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नत किया गया। 2023 में उन्हें सूबेदार मेजर के पद पर पदोन्नति मिली। वर्तमान में वह केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) में पुलिस निरीक्षक के रूप में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं। अपने सब-इंस्पेक्टर प्रशिक्षण के दौरान, उनका चयन सर्वश्रेष्ठ इंडोर ट्रेनी के रूप में किया गया। अपने करियर के दौरान, उन्होंने जम्मू और कश्मीर से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक भारत-चीन सीमा पर सेवा की और तीन वर्षों तक ITBP अकादमी में प्रशिक्षक के रूप में भी कार्य किया। इसके अतिरिक्त, वह 2014 से 2015 में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में अफ्रीका के कांगो गणराज्य में तैनात रहे।

अपने पेशेवर कौशल, उत्कृष्ट प्रदर्शन और सराहनीय सेवाओं के लिए, उन्हें पुलिस स्पेशल ड्यूटी पदक, संयुक्त राष्ट्र पदक, उत्कृष्ट सेवा पदक, स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पदक और तीन महानिदेशक प्रतीक चिन्ह जैसे कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया है। अपने 22 वर्षों के करियर में उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए, भारत के राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर उन्हें पुलिस पदक से सम्मानित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *